हनुमानगढ़ में सोमवार को भगवान वाल्मीकि का प्रकट दिवस मनाया गया। इस मौके पर भगवान वाल्मीकि धर्मशाला कमेटी ने जंक्शन के वार्ड 16 स्थित मंदिर-धर्मशाला परिसर में एक कार्यक्रम किया। कार्यक्रम के तहत शहर में शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें समाज के लोगों ने उत्साह से हिस्सा लिया। नगर परिषद सभापति मंजू रणवां, उपसभापति सोनू बंसल, पार्षद नगीना बाई और गुरदीप सिंह बराड़ इसमें अतिथि के तौर पर शामिल हुए। शोभायात्रा भगवान वाल्मीकि मंदिर-धर्मशाला से शुरू होकर वाल्मीकि चौक, धानमंडी और सेक्टर 12 से मुख्य बाजार होते हुए वापस धर्मशाला पहुंची। इसके जरिए मानवता, सामाजिक एकता और सद्भाव का संदेश दिया गया। कमेटी के अध्यक्ष विनोद अठवाल और विक्रम अठवाल ने बताया कि भगवान वाल्मीकि को आदिकवि के रूप में जाना जाता है। उनकी रामायण भारतीय संस्कृति की धरोहर है, जो सत्य, नैतिकता और आदर्श जीवन की प्रेरणा देती है।