हनुमानगढ़ जिले की ग्राम पंचायतों में वार्ड परिसीमन और मतदाता सूचियां तैयार करने में कथित अनियमितताओं का आरोप लगा है। पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) को ज्ञापन सौंपकर जांच की मांग की। ज्ञापन के मुताबिक संगरिया पंचायत समिति की दीनगढ़ ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 2 में 24 मतदाता हैं, जबकि पास के वार्ड नंबर 3 में 379 मतदाता हैं। इसी पंचायत समिति की नगराना ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 12 में 572 और वार्ड नंबर 17 में 54 मतदाता बताए गए हैं। हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति की डबलीबास कुतुब ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर 4 में 11 मतदाता हैं, जबकि पास के वार्ड नंबर 3 में 350 मतदाता शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कुछ ग्राम पंचायतों में कुल मतदाताओं के 45 से 50 प्रतिशत तक को केवल चार-पांच वार्डों में रखा गया है। ज्ञापन में इन आंकड़ों को उदाहरण बताते हुए कहा गया कि जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी वार्ड परिसीमन और मतदाता सूचियों को लेकर विसंगतियां हैं। प्रतिनिधिमंडल ने आशंका जताई कि इसके पीछे प्रशासनिक लापरवाही हो सकती है और निष्पक्ष जांच की मांग की। सुरेंद्र दादरी ने जिला प्रशासन से संबंधित पंचायत समितियों में वार्ड परिसीमन और मतदाता सूचियां तैयार करने की प्रक्रिया की किसी सक्षम अधिकारी से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लापरवाही या अनियमितता मिलने पर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रहे।