हनुमानगढ़ जिला जेल के बैरिक नंबर 8 में बंदियों ने विचाराधीन कैदियों पर हमला कर दिया। इस हमले में तीन विचाराधीन कैदी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में रोहिताश पुत्र नेकिराम, रवि पुत्र दयाराम और विजेन्द्र पुत्र रूलीचन्द शामिल हैं। हमला करने वाले बंदियों की पहचान विशाल उर्फ भईया, रोशन, राज मोहम्मद, इमामबक्श, हाकम, छोटू खां और नियामत अली के रूप में हुई है। जेल अधीक्षक सुरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि झगड़े की सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है। घायलों को पहले जेल अस्पताल में शुरुआती इलाज दिया गया, फिर पुलिस सुरक्षा में हनुमानगढ़ टाउन के सरकारी अस्पताल भेजा गया। जेल प्रहरी हनुमान सिंह की रिपोर्ट पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 115(2), 126(2) और 189(2) के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक लालचंद कर रहे हैं।