हनुमानगढ़ पुलिस ने मंगलवार को 9 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य के मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीना के निर्देश पर, जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक अधिकृत इकाई में इन नशीले पदार्थों का विधिवत निस्तारण किया गया। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया कि जिले के विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज 53 एनडीपीएस मामलों से जब्त डोडा-पोस्त, हेरोइन (स्मैक/चिट्टा), एमडी, गांजा और नशीली गोलियों का निस्तारण किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों में आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने और एफएसएल रिपोर्ट मिलने के बाद ही न्यायालय की अनुमति से यह कार्रवाई की गई। नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 14 क्विंटल 11 किलो 140 ग्राम डोडा-पोस्त, 2 किलो 910 ग्राम हेरोइन, 321 ग्राम एमडी, 765 ग्राम गांजा और 1290 नशीली गोलियां शामिल थीं। इनकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये आंकी गई है। निस्तारण की पूरी प्रक्रिया जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्यों की उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसकी नियमानुसार वीडियोग्राफी भी करवाई गई। एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने यह भी बताया कि 19 जून को 140 एनडीपीएस प्रकरणों में जब्त लगभग 8 करोड़ रुपये मूल्य की 1 क्विंटल 48 किलो 240 ग्राम अफीम भी केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, नीमच (मध्यप्रदेश) मेंजमा करवाई गई थी। इस नवीनतम कार्रवाई को मिलाकर, हनुमानगढ़ पुलिस पिछले तीन महीनों में लगभग 34 करोड़ रुपए मूल्य के जब्त मादक पदार्थों का निस्तारण कर चुकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।