हनुमानगढ़ जिले में अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी है। आगामी पंचायत चुनाव और आबकारी आयुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। आबकारी अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि अभियान 1 अप्रैल से शुरू हुआ था। अब तक 378 केस दर्ज कर 181 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। विभाग ने 2300 लीटर हथकढ़ और 1800 लीटर देसी शराब जब्त की है। साथ ही 2 लाख लीटर लाहन नष्ट किया गया है। अवैध शराब बनाने, रखने और बेचने पर रोक लगाने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। मंगलवार को हनुमानगढ़ सर्किल में एक चालू भट्टी और 15 लीटर हथकढ़ शराब जब्त की गई। मंगलवार को नोहर सर्किल में भी एक केस दर्ज हुआ। जितेन्द्र सिंह के घर से शराब मिलने पर कार्रवाई की गई। इनपुट के मुताबिक, वह दूसरों के खिलाफ झूठी शिकायतें कर रहा था। पंचायत चुनाव के तीसरे और चौथे चरण में ड्राई डे के नियमों का पालन कराने के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें निगरानी करेंगी और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई करेंगी।