हनुमानगढ़ में नवरात्र के मौके पर सशक्त नारी संस्थान ने खुंजा स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में कन्या पूजन कार्यक्रम किया। संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष मिताली अग्रवाल के नेतृत्व में सभी सदस्यों ने इसमें हिस्सा लिया। कार्यक्रम में 121 छोटी बालिकाओं को मां दुर्गा का रूप मानकर पूजा की गई। उनके चरण धोए गए, चुनरी ओढ़ाई गई और हाथों में मेहंदी लगाई गई। इसके बाद उन्हें भोजन कराया गया और उपहार भी दिए गए। आयोजन के जरिए धार्मिक आस्था के साथ बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। साथ ही क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की गई। इस मौके पर डॉ. मिताली अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, संरक्षक दीपा डालमिया, सरोज अग्रवाल, श्वेता बब्बर, कौशल्या वर्मा, रिंकल गर्ग, श्वेता गोयल, नीतू कट्टियाल, सोनिया राजपूत, पुष्पा रमानी और सरोज मौजूद रहीं। विद्यालय स्टाफ ने भी इस पहल की तारीफ की। फाटक गोशाला में होगा 101 कन्याओं का पूजन हनुमानगढ़ टाऊन की बरकत कॉलोनी स्थित किले के पास स्वरूप फाटक गोशाला में 101 कन्या पूजन एवं प्रसाद वितरण समारोह का आयोजन 20 अक्टूबर मंगलवार को किया जाएगा। गोशाला में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है। फाटक गोशाला के अध्यक्ष मुरलीधर अग्रवाल ने बताया कार्यक्रम में 101 कन्याओं का विधिवत पूजन कर उन्हें प्रसाद अर्पित किया जाएगा और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करते हुए कन्याओं के प्रति सम्मान, श्रद्धा और सेवा भाव को प्रोत्साहित करना है।