हनुमानगढ़ में करवा चौथ से एक दिन पहले बुधवार को जंक्शन और टाउन के बाजारों में मिट्टी के करवों की अच्छी बिक्री हुई। सुहागिनों ने गुरुवार को होने वाली पूजा की तैयारियों के लिए करवे खरीदे। दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। टाउन में पुलिस थाने के सामने करवे बेचने वाले मांगीलाल ने बताया कि करवे बनाना उनका पुश्तैनी काम है। वे घर पर मिट्टी से करवे तैयार करते हैं और उन पर रंग-रोगन करते हैं। इस बार करवों को लेस आदि से सजाया गया है। मांगीलाल के मुताबिक, बुधवार को करवों की अच्छी बिक्री हुई और दामों में ज्यादा अंतर नहीं आया। पहले चीनी मिट्टी के करवों की बिक्री ज्यादा होती थी, लेकिन अब लोगों का रुझान मिट्टी से बने करवों की ओर बढ़ रहा है। इस बार पिछले वर्षों की तुलना में मिट्टी के करवों की मांग ज्यादा रही। मांगीलाल ने बताया कि सरकार चाक और मिट्टी तैयार करने वाली मशीन जैसी सुविधाओं के जरिए कारीगरों की मदद कर रही है। इससे उन्हें पुश्तैनी काम आगे बढ़ाने में सहारा मिलता है। करवा चौथ की पूजा में इस्तेमाल होने वाले मिट्टी के बर्तनों की खरीदारी से स्थानीय कारीगरों को काम मिल रहा है। गुरुवार को करवा चौथ मनाया जाएगा।