हनुमानगढ़ के मदान इंटरनेशनल स्कूल ने सीबीएसई नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप-2026 में गोल्ड मेडल जीता है। स्कूल के गीतांश कस्वां, अगमजोत सिंह और गुर एकम सिंह ने अंडर-14 राइफल शूटिंग बालक टीम वर्ग में यह उपलब्धि हासिल की। यह प्रतियोगिता 11 से 14 अक्टूबर तक दिल्ली पब्लिक स्कूल, सिकंदराबाद, तेलंगाना में हुई थी। तीनों खिलाड़ियों की जीत पर शुक्रवार को स्कूल में सम्मान समारोह रखा गया। इस मौके पर मदान एजुकेशनल ट्रस्ट के संस्थापक राजेंद्र मदान, मुख्य अतिथि रघुवीर सिंह राठौड़, चेयरमैन सुनील मदान और प्रिंसिपल भावना मित्तल मौजूद रहे। समारोह में राष्ट्रीय स्तर पर स्केटिंग के लिए चुनी गई लावण्या बारा समेत राज्य स्तर पर चुने गए 21 अन्य खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।