हनुमानगढ़ में मां-बेटी ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वहीं, फंदे की रस्सी टूटने से बेटा नीचे गिरकर घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर होने पर पुलिस ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर अस्पताल पहुंचाया। घटना पल्लू कस्बे में बुधवार शाम करीब 4:30 बजे की है। बच्चे के सिर में चोट आई है। पुलिस ने मां-बेटी के शव पल्लू हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाए हैं। घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। FSL टीम ने घटना स्थल से सबूत जुटाए हैं। डॉग स्क्वॉड ने भी जांच की। शहर से बाहर गया था पति पल्लू थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया- गोलूवाला क्षेत्र निवासी संदीप पूनिया पशुओं को व्यापार करता है। वह परिवार के साथ पल्लू कस्बे में रहता है। वह पशु व्यापार के सिलसिले में रावतसर गया हुआ था। इस दौरान घर में उसकी पत्नी सुमन (32), बेटी रितिका (13) और बेटा गीतेश (8) थे। संदीप के साथ काम करने वाला एक युवक शाम करीब 4:30 बजे चाय लेने घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। उसने तुरंत संदीप को फोन पर इसकी सूचना दी। संदीप ने घर फोन किया तो कोई जवाब नहीं मिला। फिर उसने पड़ोसियों को घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी छत के रास्ते घर में दाखिल हुए, जहां उन्होंने मां-बेटी को फंदे से लटका पाया। वहीं, गीतेश बेहोशी की हालत में नीचे गिरा हुआ था। उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस पहुंची तब तक सुमन और रितिका की मौत हो चुकी थी। गीतेश बच गया। गीतेश को सीढ़ियों के पास से निकाला गया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए तुरंत ग्रीन कॉरिडोर बनाकर हनुमानगढ़ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां से बच्चे को श्रीगंगानगर रेफर कर दिया। जानकारी के मुताबिक, बच्चे को सांस लेने में दिक्कत हो रही है और सिर में भी चोट है। टिन शेड के पाइप से लगाया फंदा थाना प्रभारी सुरेश मील ने बताया कि तीनों दूसरी मंजिल पर बने टिन शेड के पाइप पर रस्सी बांधकर फंदे से लटके थे। उन्होंने आशंका जताई कि रस्सी टूटने या गांठ खुलने से बच्चा नीचे गिर गया और उसकी जान बच गई। इधर, परिजनों ने परिवार में किसी तरह के तनाव या परेशानी से इनकार किया है। सुमन के मायके में सूचना दी गई है। उनके बयान दर्ज होने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। … सुसाइड की यह खबर भी पढ़ें… सीकर में सूदखारों से परेशान युवक ने की आत्महत्या:मोबाइल कवर में मिला सुसाइड नोट; लिखा- रोज ब्याज ले रहे, फिर भी नहीं चुक रहा सीकर में सूदखोरों के कथित उत्पीड़न से तंग आकर युवक ने आत्महत्या कर ली। उसके मोबाइल के कवर से सुसाइड नोट बरामद हुआ। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार 5 लोगों को ठहराया है। (पूरी खबर पढ़ें)