हनुमानगढ़ में दीपावली से पहले नगर परिषद सभापति मंजू रणवां और उपसभापति सोनू बंसल ने वार्ड नंबर 52 और 57 का दौरा कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्ड 57 में सीवरेज लाइन लीकेज और नालियों की सफाई न होने जैसी समस्याएं सामने आईं। वार्डवासियों ने सभापति को अपनी समस्याओं से अवगत कराया और जल्द समाधान की मांग की। सभापति ने उन्हें शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। पार्षद अंजू चौधरी और पार्षद प्रतिनिधि राजेन्द्र चौधरी भी इस दौरान मौजूद थे। राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था खराब है और कई काम बाकी हैं। उन्होंने सीवरेज लीकेज की समस्या को पूरे शहर का बताया। उनके अनुसार, बड़े वार्ड में सफाई के लिए सिर्फ एक कर्मचारी है, जिससे व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि दीपावली के चलते सभी वार्डों में सफाई का निरीक्षण हो रहा है। उन्होंने सीवरेज लीकेज और नालियों की सफाई में सुधार का आश्वासन दिया। उन्होंने शहरवासियों से साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग की अपील के साथ कचरा कचरा पात्रों और ऑटो टिपर में ही डालने की अपील की।