हनुमानगढ़ में भाजपा ने पंचायत चुनाव 2026 के लिए टिकट बांटने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जिले की सभी 10 पंचायत समितियों में इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन लिए जा रहे हैं। अब तक 208 ब्लॉक और जिला परिषद के 37 जोन के लिए 215 से ज्यादा आवेदन मिले हैं। इनमें जिला परिषद के 37 जोन के लिए 102 आवेदन हैं। इन पर चर्चा के लिए 19 अक्टूबर को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक होगी। भाजपा के जिला संयोजक आशीष पारीक ने बताया कि पार्टी ने सर्वे भी करवाया है। इसके आधार पर जीतने वाले उम्मीदवारों की पहचान होगी। पार्टी की विचारधारा से जुड़े और जनता में मजबूत पकड़ रखने वाले प्रत्याशियों को प्राथमिकता मिलेगी। पारीक ने कहा कि टिकट मांगने वालों की संख्या बढ़ी है। पार्टी सभी आवेदनों की जांच कर सबसे सही उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी। कार्यकर्ताओं में उत्साह दिख रहा है और पार्टी सभी पंचायत समितियों में बोर्ड बनाने का दावा कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी पंचायत समितियों में भाजपा के प्रधान और जिला परिषद में जिला प्रमुख भी भाजपा का ही बनेगा। निर्दलीय विधायक पर मुकदमों को लेकर यह कहा निर्दलीय विधायक और उनके समर्थकों के खिलाफ मुकदमों से जुड़े सवाल पर पारीक ने कहा कि भाजपा किसी पर मुकदमे नहीं करवा रही है। कानून अपना काम कर रहा है और इसमें पार्टी की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कहा कि जिसने जैसा कार्य किया है, उसका परिणाम कभी न कभी सामने आता है। पारीक ने कहा कि भाजपा सुशासन में विश्वास रखने और पार्टी पर भरोसा करने वाले प्रत्येक व्यक्ति के साथ खड़ी है।