हनुमानगढ़ में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू हुई। बुधवार तक जिला परिषद सदस्य के 37 वार्डों के लिए 19 अभ्यर्थियों ने 27 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। जिले की छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए भी नामांकन चल रहे हैं। बुधवार तक 125 अभ्यर्थियों ने कुल 137 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। इस तरह कुल 164 नामांकन हुए हैं। इन पंचायत समितियों में हनुमानगढ़ जंक्शन, पीलीबंगा, नोहर, पल्लू, भादरा और राजपुरा (8 बीएचडी) शामिल हैं। नामांकन की आखिरी तारीख 23 अक्टूबर है, जो दोपहर 3 बजे तक दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 24 अक्टूबर को होगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर है, जिसके बाद चुनाव चिह्न दिए जाएंगे। इन पदों के लिए मतदान 3 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। तृतीय चरण में शामिल छह पंचायत समितियों की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के चुनाव के लिए सोमवार को लोक सूचना जारी की गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगी। इसके बाद दोपहर 2 बजे से नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे और अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित की जाएगी।
सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। मतगणना मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। उपसरपंच का चुनाव 6 नवंबर को होगा।
जिला परिषद के लिए तीन स्थानों पर नामांकन की व्यवस्था
जिला परिषद सदस्यों के नामांकन के लिए जिला कलेक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक किसी भी कार्यदिवस पर सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित कक्षों में व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे।
निर्वाचन क्षेत्रों के अनुसार नामांकन जमा कराने के लिए तीन स्थान निर्धारित किए गए हैं। वार्ड संख्या 1 से 13 तक के अभ्यर्थी अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) के कार्यालय में प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 210 में नामांकन जमा करवा सकेंगे। वार्ड संख्या 14 से 25 तक के लिए कलक्ट्रेट के भूतल पर कमरा नंबर 120 तथा वार्ड संख्या 26 से 37 तक के लिए प्रथम तल पर कमरा नंबर 206 निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को संबंधित सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत करने होंगे।
कलेक्ट्रेट के मुख्य भवन के सामने स्थित वाहन पार्किंग स्थल पर जीए-55 की रसीद जारी करने, अभ्यर्थियों एवं प्रस्तावकों के नाम मतदाता सूची में जांचने और नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। नामांकन पत्र प्राप्त करने और पूछताछ के लिए अलग काउंटर तथा अभ्यर्थियों की सहायता के लिए सहायता केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
नामांकन कक्ष में अभ्यर्थी सहित अधिकतम पांच व्यक्ति उपस्थित रह सकेंगे। वाहनों की पार्किंग कलक्ट्रेट परिसर के बाहर निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को आदर्श आचार संहिता और राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना करनी होगी।
जिला परिषद सदस्य पद के लिए प्राप्त नामांकन पत्रों की संवीक्षा 24 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जिला कलेक्ट्रेट के प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 206 में होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 26 अक्टूबर है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।