हनुमानगढ़ में पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के लिए रिटर्निंग अधिकारियों का दो दिन का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। यह ट्रेनिंग टाउन के गवर्नमेंट नेहरू मेमोरियल पीजी कॉलेज में हुई। दूसरे दिन जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने प्रशिक्षण का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया और कार्मिकों को दी जा रही ट्रेनिंग की जानकारी ली। इसमें नामांकन पत्र लेने, नियमों का पालन करने और चुनाव से जुड़े कामों के बारे में बताया गया। मास्टर ट्रेनर्स ने पीपीटी और प्रैक्टिकल डेमो से नामांकन, जांच, मतदान और मतगणना की जरूरी बातें समझाईं। अधिकारियों को नामांकन पत्रों की जांच, जमानत राशि और कानूनी नियमों की जानकारी भी दी गई। हनुमानगढ़ जिले में चुनाव प्रशिक्षण को बेहतर बनाने के लिए नई पहल की गई है। ड्यूटी आदेश के साथ ही हर कार्मिक को एक वीडियो लिंक मिलता है। इसे देखकर वे ट्रेनिंग में आने से पहले ही चुनाव प्रक्रिया और अपने काम की जानकारी ले सकते हैं, जिससे प्रक्रियाओं को समझना आसान हो जाता है।