हनुमानगढ़ में 2026 के पंचायती राज चुनाव के लिए मतदाता जागरूकता बढ़ाने को महिला एवं बाल विकास विभाग ने सोमवार को ग्रामीण इलाकों में अभियान चलाया। गांवों के मुख्य चौराहों पर रंगोलियां बनाकर महिला मतदाताओं और आम लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया गया। स्वीप गतिविधियों के तहत हुए इस कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, महिलाओं, किशोरियों, बच्चों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। बाल विकास परियोजना अधिकारियों और महिला पर्यवेक्षकों ने मतदान का महत्व बताया और हर मतदाता से अपने वोट का इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर वोट लोकतंत्र की मजबूती और देश के भविष्य के लिए जरूरी है। मतदाताओं को बिना किसी डर, लालच या झिझक के वोट डालने और महिलाओं को चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक प्रवेश सोलंकी ने बताया कि इन गतिविधियों का मकसद ग्रामीण इलाकों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आने वाले चुनावों में ज्यादा से ज्यादा मतदान के लिए लोगों को प्रेरित करना है।