हनुमानगढ़ में शनिवार दोपहर करीब 3:15 बजे हल्की बारिश शुरू हुई, जिससे भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे शहरवासियों को बड़ी राहत मिली। सुबह से तेज धूप और चिपचिपी गर्मी के कारण लोग परेशान थे, लेकिन दोपहर बाद मौसम में अचानक बदलाव आया। आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण सुहावना हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक जिले में ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है। विभाग ने 5 और 6 जुलाई को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश व धूलभरी आंधी की चेतावनी जारी की है। इन तीनों दिनों के लिए बिजली चमकने और मेघगर्जन की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री तथा न्यूनतम 29 डिग्री रहने की संभावना है, जबकि सोमवार को अधिकतम 37 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दौरान आर्द्रता का स्तर भी लगभग 60 प्रतिशत के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है। किसानों को भी मौसम को देखते हुए कृषि कार्यों की योजना बनाने की हिदायत दी गई है। इस बारिश से बारानी इलाकों में खरीफ की बुवाई तेज होने की संभावना है, जिससे किसानों को लाभ मिलेगा।