हनुमानगढ़ में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने विजयादशमी के उपलक्ष्य में रविवार को शस्त्र पूजन और पथ संचलन निकाला। टाउन के भटनेर किले सामने से शुरू हुए इस संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शामिल हुए। शहर में 50 से ज्यादा संगठनों ने स्वागत द्वार लगाए और करीब 200 किलोग्राम फूलों से पुष्पवर्षा की। कार्यक्रम की शुरुआत शस्त्र पूजन से हुई। शिक्षाविद् संतोष राजपुरोहित मुख्य अतिथि थे। जिला संघचालक मोमनचंद मित्तल, नगर संघचालक अनिल अग्रवाल और जोधपुर प्रांत के धर्म जागरण प्रमुख देवेंद्र प्रकाश मौजूद रहे। पंच परिवर्तन के आयामों पर की चर्चा संतोष राजपुरोहित ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन और पर्यावरण संरक्षण पंच परिवर्तन के आयामों पर बात की। देवेंद्र प्रकाश ने शस्त्र पूजन को शक्ति, साहस और आत्मरक्षा का प्रतीक बताया, जिसका उपयोग समाज कल्याण के लिए हो। पथ संचलन विद्यालय के खेल मैदान से शुरू होकर नगर परिषद, महाराणा प्रताप चौक, सुभाष चौक, इंदिरा चौक और महाराजा अग्रसेन चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस कार्यक्रम स्थल पहुंचा। 50 से ज्यादा स्वागत द्वार लगाए जिला प्रचार प्रमुख चेतन जिंदल के अनुसार, संचलन मार्ग पर 50 से अधिक स्वागत द्वार लगाए गए और विभिन्न संगठनों व नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। जिला कार्यवाह नीरज कुमार ने स्वयंसेवकों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना मजबूत करने का आह्वान किया। नगर कार्यवाह अमित कुमार ने सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने और भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्रभक्ति के संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।