हनुमानगढ़ जिले में टाउन थाना पुलिस ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान वार्ड नंबर 34, हनुमानगढ़ टाउन निवासी दीपक कुमार (32) और वार्ड नंबर 23, रामसिंह कॉलोनी निवासी विकास उर्फ जिमी (46) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 लाख 25 हजार रुपए नकद, 9 एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप, एक टैबलेट सहित लाखों रुपए का हिसाब-किताब बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आईपीएल के दौरान क्रिकेट सट्टा गिरोहों के सक्रिय होने की आशंका के चलते यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। मुखबिर नेटवर्क भी ऐसे गिरोहों को पकड़वाने के लिए लगातार सक्रिय है। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर लगवा रहे थे सट्टा इसी कड़ी में टाउन थाना की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दीपक कुमार और विकास उर्फ जिमी को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को मौके से गिरफ्तार किया। मौके से भारी मात्रा में नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और सट्टा गतिविधियों से संबंधित रिकॉर्ड बरामद किया गया। इस संबंध में टाउन थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच थानाधिकारी अशोक बिश्नोई कर रहे हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में एसआई मोहर सिंह, एएसआई रामकुमार, हेड कॉन्स्टेबल महंगा सिंह, प्रदीप सिंह, शंकर बागड़ी और कॉन्स्टेबल भीमसेन शामिल थे।