हनुमानगढ़ जंक्शन के बस स्टैंड पर एक ई-रिक्शा संचालक से मारपीट का मामला सामने आया है। सवारियां बैठाने को लेकर हुए विवाद में टेम्पो ड्राइवर और उसके साथियों पर जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने का आरोप लगा है। सुरेशिया निवासी रणवीर पुत्र जसवीर सिंह ने जंक्शन पुलिस थाने में शिकायत दी है। शिकायत के अनुसार सोमवार सुबह करीब 10 बजे रणवीर अपने ई-रिक्शा में सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान टेम्पो चालक संजू वहां पहुंचा और सवारियां बैठाने को लेकर विवाद करने लगा। आरोप है कि संजू ने रणवीर को जातिसूचक गालियां दीं और मारपीट शुरू कर दी। दो-तीन अन्य लोग भी इसमें शामिल हो गए। हमलावरों ने रणवीर के सिर पर कड़े से वार किया, जिससे उसे चोट लगी। शरीर के अन्य हिस्सों और पैरों में भी चोटें आईं। मारपीट के दौरान रणवीर बेहोश हो गया। भीड़ जुटने पर आरोपी भाग गए। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।