हनुमानगढ़ पुलिस ने सड़क सुरक्षा अभियान के तहत जनवरी से अब तक 84,946 चालान किए हैं। पुलिस मुख्यालय और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई कर रही है। इन चालानों में बिना हेलमेट गाड़ी चलाने पर 30,674, तेज गति से वाहन चलाने पर 21,924 और लेन तोड़ने पर 15,607 मामले हैं। गलत दिशा में वाहन चलाने पर 448 और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के 1,584 चालान हुए। शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले 374 लोगों पर कार्रवाई हुई। मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के 2,041 और लाल बत्ती तोड़ने के 46 मामले सामने आए। खतरनाक तरीके से वाहन चलाने पर चार गाड़ियों पर भी कार्रवाई की गई। 9,335 अन्य मामलों में भी चालान हुए। यातायात नियमों के उल्लंघन और जरूरी कागजात की कमी के कारण एक हजार से ज्यादा वाहन जब्त किए गए। इनमें शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले और बिना नंबर प्लेट वाले वाहन शामिल हैं।