हनुमानगढ़ में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग (वीएलटी) डिवाइस उपलब्ध नहीं होने से नेशनल परमिट और फिटनेस का काम करीब दो माह से ठप होने के विरोध में सोमवार को ट्रक ऑपरेटरों ने भारतमाला रोड पर धरना दिया। ऑपरेटरों ने आरोप लगाया कि सरकार ने वीएलटी डिवाइस अनिवार्य कर दी, लेकिन डिवाइस उपलब्ध नहीं हैं। इससे ट्रांसपोर्ट कारोबार प्रभावित हो गया है। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार से परमिट जारी करने का आश्वासन दिया है, जबकि ट्रक यूनियन ने ऐसा नहीं होने पर बुधवार से उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। भारतमाला रोड पर धरना, पुलिस और प्रशासन ने की समझाइश राजस्थान ट्रक एसोसिएशन के आह्वान पर जिला ट्रक यूनियन हनुमानगढ़ के बैनर तले ट्रांसपोर्टरों ने गांव कोहला के पास भारतमाला रोड पर धरना दिया। सूचना मिलने पर डीएसपी मीनाक्षी, टाउन थाना प्रभारी लखबीर सिंह और सीआई जगदीश कड़वासरा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ट्रक ऑपरेटरों से वार्ता कर आंदोलन समाप्त करने की समझाइश दी। प्रदर्शन में लीलाधर शर्मा, रविंद्र धारणिया, जुगल किशोर राठी, कपिल गोयल समेत बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्टर शामिल रहे। परमिट बंद होने से कारोबार पर असर, बढ़ा आर्थिक दबाव जिला ट्रक यूनियन के अध्यक्ष लीलाधर शर्मा ने बताया कि नेशनल परमिट नहीं बनने से बड़ी संख्या में ट्रक खड़े हैं, जिससे परिवहन कारोबार प्रभावित हो रहा है। वाहन बंद होने के बावजूद बैंक की किश्तें, बीमा और अन्य खर्च लगातार जारी हैं। कई ट्रांसपोर्टरों पर प्रति ट्रक करीब एक लाख रुपए तक की किश्तों का दबाव बन गया है। डिवाइस नहीं, फिर भी चालान का आरोप संगरिया ट्रक यूनियन के संरक्षक अशोक मित्तल ने कहा कि जब सरकार के पास ही वीएलटी डिवाइस उपलब्ध नहीं हैं, तब ट्रांसपोर्टरों पर नियमों की पालना का दबाव बनाना उचित नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि डिवाइस उपलब्ध नहीं होने के बावजूद चालान और जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। पहले पंजाब से लग रही थीं डिवाइस, अब व्यवस्था भी बंद जुगल किशोर राठी ने बताया कि पहले पंजाब के माध्यम से राजस्थान के ट्रकों में वीएलटी डिवाइस लगाकर नेशनल परमिट जारी किए जा रहे थे, लेकिन बाद में यह व्यवस्था भी बंद हो गई। करीब डेढ़ माह बीतने के बाद भी नई एजेंसी तय नहीं हुई और न ही डिवाइस उपलब्ध कराई गई हैं। मंगलवार तक का अल्टीमेटम धरने के दौरान ट्रक ऑपरेटरों ने मांग की कि जब तक वीएलटी डिवाइस उपलब्ध नहीं होती और ऑनलाइन प्रणाली पूरी तरह सुचारु नहीं होती, तब तक अंतरिम व्यवस्था के तहत बिना वीएलटी डिवाइस के नेशनल परमिट जारी किए जाएं। दोपहर बाद बीकानेर से पहुंचे परिवहन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार से परमिट जारी करने का आश्वासन दिया। यूनियन ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार से परमिट जारी नहीं हुए तो बुधवार को जिले के सभी ट्रक डीटीओ कार्यालय के बाहर खड़े कर उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा।