हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र में शामिल किए गए चक 2 केएनजे के ग्रामीणों ने सोमवार को जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि 20 जुलाई तक उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई, तो हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत से नगर परिषद में शामिल होने के बावजूद उन्हें अब तक अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। ग्रामीणों की ओर से रणवीर सिहाग ने बताया कि चक 2 केएनजे को नगर परिषद क्षेत्र में शामिल किए जाने के बाद लोगों को विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद थी, लेकिन स्थिति इसके विपरीत है। कई बार अधिकारियों को समस्याओं से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे क्षेत्रवासी परेशान हैं। ज्ञापन में ग्रामीणों ने क्षेत्र की नौ प्रमुख समस्याओं का उल्लेख किया है। इनमें क्षतिग्रस्त पुलियों का निर्माण, कचरे से अटी नालियों की सफाई, नगर परिषद की ओर से नियमित सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति तथा बरसाती पानी की निकासी के लिए जोहड़ पायतन की सफाई कराने की मांग शामिल है। इसके अतिरिक्त, पूर्व ग्राम पंचायत द्वारा जारी किए गए और नगर परिषद में लंबित पड़े पट्टों का वितरण, बंद पड़ी मनरेगा योजना को दोबारा शुरू करना, गांव में सड़कों एवं नालियों का निर्माण, पशु अस्पताल के लिए भूमि आवंटन तथा उपस्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति कर उसे नियमित रूप से संचालित करने की मांग भी उठाई गई। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से सभी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई कर राहत दिलाने की अपील की। उन्होंने पुनः स्पष्ट किया कि यदि 20 जुलाई तक समाधान नहीं हुआ तो हनुमानगढ़-सूरतगढ़ फोरलेन मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान इन्द्र सिंह, ईश्वर चंद्र शर्मा, भंवरलाल, राधेश्याम, राजेन्द्र, दिनेश कुमार और भाग सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।