हनुमानगढ़ के पीलीबंगा क्षेत्र के गांव रामपुरा में एक विवाहित युवक ने अपनी पत्नी और ससुराल पक्ष के लोगों पर धोखाधड़ी तथा लाखों के जेवर हड़पने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पीलीबंगा थाना पुलिस ने इस्तगासा (अदालती निर्देश) के माध्यम से विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। परिवादी मोनू, जो रामपुरा का निवासी है, ने बताया कि उसकी शादी जून 2023 में बिहार निवासी सुमगुम उर्फ शबनम से हुई थी। शादी के बाद उसकी पत्नी रामपुरा में उसके साथ रह रही थी। सुमगुम उर्फ शबनम का नाम आधार और बैंक दस्तावेजों में भी उसकी पत्नी के रूप में दर्ज है। मोनू के अनुसार, शादी के समय परिवार ने पत्नी को सोने-चांदी के आभूषण दिए थे, जिनमें मंगलसूत्र, बालियां और पाजेब जैसे जेवर शामिल थे। इसके अतिरिक्त, उसकी मां के कुछ जेवर भी घर में रखे हुए थे। परिवादी ने बताया कि अक्टूबर 2025 में उसकी पत्नी का भाई लवकुश रामपुरा आया और सुमगुम को कुछ दिनों के लिए मायके ले जाने की बात कही। मोनू ने विश्वास करके पत्नी को भेज दिया। इसके बाद सुमगुम और उसके परिजनों ने उससे संपर्क तोड़ दिया। जब मोनू ने पत्नी को वापस भेजने के लिए कहा, तो उन्होंने इनकार कर दिया और बताया कि सुमगुम ने दूसरी शादी कर ली है। मोनू को संदेह है कि उसके साथ साजिश रचकर लाखों के जेवर हड़प लिए गए हैं। इस मामले में पत्नी सुमगुम उर्फ शबनम, उसके पिता और अन्य परिजनों सहित कुल आठ लोगों को नामजद किया गया है। ये सभी आरोपी बिहार के अलग-अलग जिलों के निवासी बताए गए हैं। अदालत के निर्देश पर सुमगुम उर्फ शबनम, लवकुश और अन्य छह लोगों सहित कुल आठ आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपी बिहार के निवासी हैं।