शहर में लगातार दूसरे दिन सरेआम चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अंबामाता थाना क्षेत्र की एकलव्य कॉलोनी में शुक्रवार को जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। हमलावरों ने विनोद खटीक पर चाकू से ऐसा वार किया कि चाकू उसकी कमर में ही फंसा रह गया। घायल युवक को इसी खौफनाक हालत में एमबी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जटिल ऑपरेशन के बाद चाकू को बाहर निकाला। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों पर हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया है, हालांकि अंबामाता थानाधिकारी दलपत सिंह ने फायरिंग की बात से इनकार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो-तीन संदिग्धों को डिटेन किया है। घटना के बाद घायल विनोद के समाजजनों ने थाने के बाहर प्रदर्शन किया। बता दें, ठीक एक दिन पहले ही बाइक को धक्का लगाने जैसी मामूली बात पर हुए झगड़े में एक युवक ने चाकू मारकर अपने ही दोस्त की जान ले ली थी। भाई बोला- पैसे पूरे दिए, फिर भी जबरन निर्माण, विरोध पर हमला घायल के भाई पीयूष खटीक ने बताया कि उन्होंने साल 2014 में लक्ष्मी रावत नाम की महिला से प्लॉट खरीदा था, जिसका पूरा भुगतान किया जा चुका है। आरोप है कि महिला ने बिना पूछे उस पर निर्माण शुरू करवा दिया। जब पीड़ित परिवार ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया। शुक्रवार को जब विनोद और पीयूष गाड़ी से जा रहे थे, तभी महिला के तीन बेटों ने हमला कर दिया। हितेश रावल नामक युवक ने विनोद की कमर और हाथ पर ताबड़तोड़ चाकू चला दिए। पीड़ित परिवार का आरोप है कि इस विवाद को लेकर उन्होंने पहले भी अंबा माता थाने में शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने ठोस कार्रवाई नहीं की।