भास्करन्यूज | बारां केंद्र सरकार की नीति आयोग योजना, राज्य सरकार के स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से बारां जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार किया जा रहा है। आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की स्थापना का कार्य तेजी से किया गया है। कई महत्वपूर्ण कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कुछ बड़े प्रोजेक्ट अंतिम स्वीकृति चरण में हैं। नीति आयोग मद से जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत की जा रही हैं। ग्रामीण क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से सीएचसी नाहरगढ़ के लिए 300 एमए एक्स-रे मशीन विद सीआर सिस्टम स्थापित हो चुकी है। जल्द ही आमजन को इसका लाभ मिलने लगेगा। जिले की 25 विभिन्न सीएचसी किशनगंज, कवाई, कस्बाथाना, शाहबाद, हरनावदाशाहजी, मिर्जापुर, कोयला, परानिया एवं पीएचसी में नवजात बच्चों के लिए रेडिएंट वार्मर स्थापित किए जा चुके हैं। जिला चिकित्सालय बारां के ब्लड बैंक को सुदृढ़ करने के लिए 2 ब्लड बैंक रेफ्रिजरेटर स्थापित किए गए हैं। जिला चिकित्सालय बारां के लिए फुली ऑटोमेटिक एलिसा रीडर विद वॉशर मशीन शीघ्र ही स्थापित होगी। मरीजों को तुरंत जांच मिलेगी। इलाज में आसानी होगी। इसी तरह जिला चिकित्सालय बारां में एनेस्थीसिया वर्क स्टेशन विद वेंटिलेटर, मल्टी पैरामॉनिटर, आइसोफ्लुरेन एवं सेवोफ्लुरेन वेपोराइजर की स्वीकृति प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है। जिला कलेक्टर के निर्देशन में नीति आयोग मद से स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्यों की मॉनिटरिंग कर रहा है। सभी उपकरण शीघ्र अस्पतालों तक पहुंच सकें। इन उपकरणों के स्थापित होने से विशेष रूप से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, रेडियोलॉजी सेवाएं, ऑपरेशन थिएटर सुविधाएं एवं ब्लड बैंक सेवाएं और अधिक मजबूत होंगी। ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को अब बेहतर जांच एवं उपचार सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। सीएमएचओ ने बताया कि केंद्र सरकार की नीति आयोग योजना एवं राज्य सरकार के सहयोग से जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को आधुनिक बनाया जा रहा है। जिला प्रशासन के समन्वय से शेष प्रक्रियाधीन कार्य भी जल्द पूर्ण किए जाएंगे। आमजन को बेहतर चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सके।