हिंडौन सिटी उपखंड मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार शाम करीब आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। सिंचाई विभाग के अनुसार शहर में 10 एमएम से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि पिछले सप्ताह केवल 3 एमएम बारिश हुई थी। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। तापमान में भी 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा। पहले कटकड़, फिर शहर और गांवों में बरसे बादल शाम करीब 5 बजे कटकड़ क्षेत्र में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इसके बाद शाम 6 बजे से करीब 30 मिनट तक तेज बारिश हुई। करीब आधे घंटे बाद उपखंड मुख्यालय और आसपास के खेड़ा, कांचरोली, फूलवाड़ा, महू और सूरौठ क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई। बाजरे की बुवाई के लिए अनुकूल मौसम कृषि विभाग ने बारिश को खरीफ फसलों की बुवाई के लिए लाभदायक बताया है। विभाग के अनुसार बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आई है, जिससे बाजरे सहित खरीफ फसलों की बुवाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। जिले में जल्द ही खरीफ फसलों की बुवाई शुरू होने की उम्मीद है। कई कॉलोनियों और बाजारों में भरा पानी बारिश के दौरान शहर में जल निकासी व्यवस्था की पोल भी खुल गई। पर्याप्त निकासी नहीं होने से दुब्बे पाड़ा, धाकड़ पोठा, जगदीश कॉलोनी, सदर थाना बाजार और कटरा बाजार सहित कई इलाकों में 2 से 3 फीट तक पानी भर गया। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, अच्छी बारिश के बाद शहरवासियों ने करीब तीन महीने बाद गर्मी और उमस से राहत महसूस की और मौसम का आनंद लिया।