वनस्थली| महर्षि पराशर जयंती के अवसर पर पारीक समाज की ओर से आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया गया। इस दौरान वनस्थली विद्यापीठ के फार्मेसी विभाग में कार्यरत, विश्व के शीर्ष 1.5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में स्थान प्राप्त करने वाले प्रो. आशुतोष पारीक को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रो. पारीक ने वर्ष 2026 में एल्सेवियर की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान प्राप्त कर टोंक जिले और पारीक समाज का गौरव बढ़ाया है। फार्माकोलॉजी एवं फार्मेसी विषय में विश्व के 1 लाख 66 हजार 116 शोधकर्ताओं में उन्होंने 2403वां स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि के साथ वे विश्व के शीर्ष 1.5 प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल हुए हैं। भारतीय वैज्ञानिकों में भी विशेष पहचान : प्रो. पारीक ने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी शोध उपलब्धियों से पहचान बनाई है। फार्माकोलॉजी एवं फार्मेसी विषय में सूचीबद्ध 371 भारतीय शोधकर्ताओं में बाहरी उद्धरणों के आधार पर वे शीर्ष 45 वैज्ञानिकों में शामिल हैं।