शहर में अब कचरा खुले डम्परों में नहीं बिखरेगा। काजरी के पास स्थित मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन से शुक्रवार से ट्रायल शुरू हो रहा है। पहले चरण में 8 वार्डों के डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन सीधे यहीं खाली होंगे। यहां से हुक लोडर व कंटेनरों में कचरा केरू पहुंचेगा। नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया- पहले कचरा एकत्र कर डम्परों में भरकर केरू ले जाया जाता था। इससे सड़कों पर कचरा बिखरता और लोगों को परेशानी होती थी। नई व्यवस्था से सफाई सुदृढ़ होगी। इसके पहले चरण में जोन-2 के वार्ड 11, 12, 20 और जोन-3 के वार्ड 10, 46, 47, 48, 50 शामिल हैं। नई व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारी व सफाई निरीक्षक नई प्रक्रिया से अवगत कराए गए हैं। आयुक्त ने कहा- ट्रायल सफल रहा तो पूरे शहर में लागू किया जाएगा। इससे कचरा परिवहन व्यवस्थित और प्रदूषण मुक्त होगा।