2027 का वनडे वर्ल्ड कप और 2028 का टी-20 वर्ल्डकप नए फॉर्मेट में होगा। वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमों के साथ नया थ्री-स्टेज फॉर्मेट लागू होगा, जिसमें सेमीफाइनलिस्ट सुपर-7 राउंड से चुने जाएंगे। अब तक यह सुपर-6 से चुने जाते थे। वहीं, टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर-8 की जगह सुपर-10 स्टेज खेला जाएगा। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दो नए एलिमिनेटर मुकाबले भी जोड़े गए हैं। ICC ने बुधवार को नए फॉर्मेट में बदलावों को मंजूरी दे दी है। इसके अलावा 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नया क्वालिफिकेशन स्ट्रक्चर बनाया गया है। इनका ऐलान एडिनबर्ग में हुई ICC की सालाना बैठक (AGM) के बाद किया गया। वनडे वर्ल्डकप में 14 टीमें ही हिस्सा लेंगी वनडे वर्ल्ड कप में 14 टीमें ही खेलेंगी, लेकिन फॉर्मेट को थ्री-स्टेज में बदल दिया गया है। नए फॉर्मेट में सबसे पहले सुपर सीरीज खेली जाएगी। इसमें रैंकिंग की आखिरी तीन टीमें (12, 13 और 14) राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में आमने-सामने होंगी और एक टीम दूसरे राउंड में पहुंचेगी। दूसरे राउंड में 12 टीमें ही होंगी। 6-6 टीमों के दो ग्रुप होंगे, जिनमें कुल 30 मैच खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें और दोनों ग्रुप को मिलाकर एक बेस्ट (सातवीं) टीम तीसरे राउंड यानी सुपर-7 में पहुंचेगी। सुपर-7 में सभी सात टीमें आपस में राउंड-रॉबिन फॉर्मेट में कुल 21 मैच खेलेंगी। इसके बाद टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल (1 बनाम 4 और 2 बनाम 3) में पहुंचेंगी। इनकी विजेता टीमें फाइनल खेलेंगी। 2027 वनडे वर्ल्ड कप में ऐसे तय होंगी 14 टीमें 2027 वनडे वर्ल्ड कप में कुल 14 टीमें खेलेंगी। इनमें दो मेजबान (साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे), रैंकिंग के आधार पर सीधे क्वालिफाई करने वाली टॉप-8 टीमें और वर्ल्ड कप क्वालिफायर से आने वाली टीमें शामिल होंगी। तीसरे होस्ट नामीबिया को भी क्वालीफायर खेलना होगा। टूर्नामेंट शुरू होने से पहले इन 14 टीमों में सबसे निचली रैंक वाली तीन टीमें (12वीं, 13वीं और 14वीं) राउंड-1 खेलेंगी, जिसमें सिर्फ एक टीम अगले दौर में पहुंचेगी। इसके बाद बाकी 11 टीमों के साथ मिलकर 12 टीमें दो ग्रुप (6-6) में खेलेंगी। दोनों ग्रुप से टॉप-3 और चौथे स्थान पर रहने वाली दोनों टीमों में से बेहतर एक टीम सुपर-7 में पहुंचेगी। सुपर-7 की सातों टीमें राउंड-रॉबिन मुकाबले खेलेंगी, जहां से टॉप-4 टीमें सेमीफाइनल और फिर फाइनल के जरिए चैंपियन तय करेंगी। पुराने फॉर्मेट में दो ग्रुप और सुपर सिक्स स्टेज होती थी पुराने फॉर्मेट में 7-7 टीमों के दो ग्रुप होते थे, जिनमें कुल 42 मैच खेले जाते थे। दोनों ग्रुप की टॉप-3 टीमें सुपर सिक्स में पहुंचती थीं। सुपर सिक्स में 3-3 टीमों के दो ग्रुप बनते थे, जहां कुल 9 मैच खेले जाते थे। इसके बाद दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचती थीं। वनडे वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान के 3 मुकाबले हो सकते हैं नए वनडे वर्ल्ड कप फॉर्मेट में भारत और पाकिस्तान के बीच अधिकतम तीन मुकाबले हो सकते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दोनों टीमें ग्रुप स्टेज, सुपर-7 और फिर नॉकआउट तक एक-दूसरे के सामने आ सकती हैं। टी-20 वर्ल्ड कप में सुपर 8 की जगह सुपर 10 टी-20 वर्ल्ड कप के नए फॉर्मेट में ग्रुप स्टेज में 4-4 टीमों के पांच ग्रुप होंगे, जिनमें कुल 30 मैच खेले जाएंगे। हर ग्रुप से टॉप-2 टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी, जिससे कुल 10 टीमें 'सुपर 10' स्टेज में खेलेंगी। सुपर 10 में 5-5 टीमों के दो ग्रुप होंगे और कुल 20 मैच खेले जाएंगे। दोनों ग्रुप की टॉप टीम सीधे सेमीफाइनल में पहुंचेगी। बाकी दो स्थानों के लिए एलिमिनेटर मुकाबले होंगे, जिसमें एक ग्रुप की दूसरे स्थान की टीम का सामना दूसरे ग्रुप की तीसरे स्थान की टीम से होगा। दोनों एलिमिनेटर के विजेता सेमीफाइनल में पहुंचेंगे और इसके बाद फाइनल खेला जाएगा। पुराने फॉर्मेट में सुपर 8 स्टेज होती थी पुराने फॉर्मेट में ग्रुप स्टेज में 5-5 टीमों के चार ग्रुप होते थे, जिनमें कुल 40 मैच खेले जाते थे। हर ग्रुप की टॉप-2 टीमें सुपर 8 में पहुंचती थीं। इसके बाद 4-4 टीमों के दो ग्रुप बनते थे, जिनमें 12 मैच खेले जाते थे। दोनों ग्रुप की टॉप-2 टीमें सीधे सेमीफाइनल और फिर फाइनल में पहुंचती थीं। टी-20 वर्ल्ड कप 2028 का क्वालिफिकेशन स्ट्रक्चर ICC ने 2028 मेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए नया क्वालिफिकेशन सिस्टम तय किया है। स्कॉटलैंड को सीधे यूरोप रीजनल फाइनल में जगह मिलेगी। वहीं, 2026 टी-20 वर्ल्ड कप खेलने वाली जो टीमें सीधे क्वालिफाई नहीं कर पाई हैं, वे ग्लोबल क्वालिफायर में खेलेंगी। बाकी आठ टीमें रीजनल क्वालिफायर से आएंगी। इसके बाद हर रीजन की टॉप टीम और ओवरऑल रैंकिंग के आधार पर अगली तीन सर्वश्रेष्ठ टीमें 2028 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करेंगी। ----------------------- स्पोर्ट्स की इस खबर को भी पढ़ें… ICC की वनडे ऑलरांउडर रैंकिंग में अक्षर टॉप-10 में पहुंचे ICC ने 15 जुलाई को वनडे रैंकिंग जारी की। इसमें भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल तीन स्थान की छलांग लगाकर नौवें नंबर पर पहुंच गए। शुभमन गिल दूसरे स्थान पर बरकरार हैं और नंबर-1 बल्लेबाज बनने से सिर्फ 11 रेटिंग अंक दूर हैं। वहीं, इंग्लैंड के खिलाफ पहले वनडे में सस्ते में आउट होने के बावजूद रोहित शर्मा और विराट कोहली टॉप-5 बल्लेबाजों में बने हुए हैं। पढ़ें पूरी खबर…