शहर में मंगलवार को खाद, बीज, कीटनाशक डीलरों के संगठन बारां एग्री इनपुट डीलर एसोसिएशन की बैठक जिलाध्यक्ष भीमराज चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें कार्यकारिणी के सदस्यों ने सर्वसम्मति से तय किया कि संगठन के पहले के फैसले के अनुसार कृषि विभाग के जॉइंट डायरेक्टर को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन दिया गया था। उस पर डीलरों की समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। बैठक में निर्णय लिया गया कि डीलरों की 3 मुख्य मांगें पूरी होने तक बारां जिले का कोई भी खाद विक्रेता किसी भी कंपनी से नया केमिकल फर्टिलाइजर नहीं खरीदेगा। डीलरों ने कहा कि अभी खाद की बिक्री किसान फार्मर आईडी से हुई। डीलरों के पास आया लाखों रुपए का अटैचमेंट दुकानों पर रखा रह गया। इससे डीलरों को नुकसान हुआ। बिना अटैचमेंट खाद देने को कंपनियां तैयार नहीं हैं। इस फैसले में बारां जिले के होलसेलर, डायरेक्ट डीलर शामिल हैं। सीएफसीएल, श्रीराम, पीपीएल, नर्मदा, आईपीएल सहित अन्य कंपनियों के खाद डीलर भी इसमें हैं। डीलरों ने सरकार से मांग की कि एफओआर पॉलिसी के तहत कंपनी खाद विक्रेता की दुकान तक पहुंचाए। खाद के साथ कोई दूसरा प्रोडक्ट जबरदस्ती न दिया जाए। डीलर का मार्जिन 5% फिक्स किया जाए। डीलर की दुकान पर जो खाद पहले से उपलब्ध है, उसे किसान भाइयों को देने से कोई डीलर मना नहीं करेगा। बुकिंग ऑनलाइन हो या ऑफलाइन। बैठक में सचिव कमलेश मेहता, निदेशक मंडल सदस्य और अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।