पाली में निगम की टीम वार्ड विकास के लिए विजन 2030 को लेकर बापू नगर विस्तार में क्षेत्रवासियों के साथ बैठक करने पहुंची। लेकिन वार्ड की समस्याओं के चलते मोहल्लेवासियों ने बैठक करने से इनकार कर दिया। उन्होंने निगम अधिकारियों से कहा- हमारे मोहल्ले की नालियां गंदगी से अटी पड़ी है। क्रॉस टूटे पड़े हैं, उनका समाधान तो आप लोगों से हो नहीं रहा और विजन 2030 की बात करते हो। वर्तमान में जो समस्याएं है उनका तो समाधान करो। दरअसल नगर निगम पाली के एईएन दिनेश पालीवाल, जेईएन महेंद्र सिंह बापू नगर विस्तार के स्कूल में वार्ड 42-43 के विकास को लेकर विजन-2030 की बैठक करने पहुंचे। लेकिन वार्डवासियों ने साफ तौर से बैठक में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने अधिकारियों को मोहल्ले की समस्याएं गिनाना शुरू कर दी। 'बार-बार बताने पर भी कार्रवाई नहीं' पूर्व पार्षद दिलीप चौधरी ने कहा कि कई बार शिकायत के बाद भी नालियां ठीक नहीं हो रहीं। 10 बार से ज्यादा कॉल किए कोई नहीं सुनता। नगर निगम में सफाई होती है तो हमारे वार्ड में फिर क्यों नहीं हो पा रही। क्षेत्र की प्रमिला परमार ने कहा कि वार्ड की अधिकतर गलियों में नालियां गंदगी से अटी पड़ी है। मवेशियों से भी परेशान है। आए दिन मवेशियों के कारण गाड़िया क्षतिग्रस्त हो जाती है। अधिकारियों ने मोहल्लेवासियों से समझाइश का प्रयास किया लेकिन वे समस्या समाधान की मांग पर अड़े रहे। अधिकारियों ने सफाई के निर्देश दिए मोहल्लेवासियों की शिकायत पर दोनों अधिकारी वार्ड की कुछ गलियों में घूमे। लोगों ने जो नालियां गंदगी से अटी बताई। उनकी सफाई करवाने के लिए उन्होंने सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए। इसके साथ ही आश्वासन दिया कि एक सप्ताह में सभी नालियों की सफाई कार्य पूरा करवा लिया जाएगा। नाली में उग गई झाड़ियां बापूनगर विस्तार के रहने वाले मदनलाल ने अपने घर के आगे की गंदगी से अटी नालियां अधिकारियों को बताई। बोले कि पिछले करीब एक साल से सफाई नहीं हुई है। नाली में झाड़ियां तक उग गई है। देखें मोहल्ले की तस्वीरें…