भास्कर न्यूज | बारां शहर में अटरू रोड स्थित भूतेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शनिवार को सेवा भारती समिति की ओर से विशाल कन्या पूजन समारोह आयोजित किया गया। इसमें 351 बालिकाओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों में सजाकर पूजन किया गया। बटुक पूजन के साथ कन्याओं के चरण पखारे गए। महाआरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। आयोजन में समाज के 45 पूजन परिवारों सहित समिति के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और अभिभावकों ने भाग लिया। समारोह की शुरुआत मां दुर्गा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। मुख्य अतिथि उद्योगपति विष्णु साबू रहे। मुख्य वक्ता सामाजिक कार्यकर्ता पुरुषोत्तम गौतम, विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र गुप्ता रहे। अध्यक्षता राष्ट्र सेविका समिति बारां विभाग की विभाग कार्यवाहिका अरुणा शर्मा ने की। अतिथियों का परिचय सेवा भारती के संरक्षक कन्हैयालाल मेहता ने कराया। वक्ताओं ने कहा कि कन्या पूजन केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि नारी शक्ति के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने का माध्यम है। भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति, समृद्धि और ज्ञान का स्वरूप माना गया है। कन्याओं में मां दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती के स्वरूप का दर्शन करना समाज में मातृशक्ति के प्रति आदर का भाव मजबूत करता है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का काम करते हैं। मंचीय कार्यक्रम के बाद सामाजिक आयाम प्रमुख आचार्य सुरेश गौतम के मार्गदर्शन में विधि-विधान से कन्या पूजन किया गया। इसके बाद महाआरती हुई। इसमें समिति के पदाधिकारी लीला बंसल, नीरज गौतम, त्रिलोक शर्मा, लक्ष्मीकांत गर्ग, चंद्रमोहन बंसल, मीना गर्ग सहित प्रकल्प संचालक, अभिभावक और कार्यकर्ता शामिल हुए। अंत में सेवा भारती के जिला मंत्री हेमराज सलवाड़िया ने आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र कुमार शर्मा ने किया।