टोंक | राज्य सरकार के ग्राम रथ अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। ताकि ग्रामीणों को उनके अधिकारों और हितों के प्रति जागरूक किया जा सके। पंचायत समिति निवाई, टोंक और मालपुरा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित कार्यक्रमों से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अभियान के तहत मूण्डिया, बिडोली, पलेय, बनस्थली, चनानी, हनौतिया, रुपवास, ककोड़, श्योराजपुरा, गोठड़ा, मोहम्मदगढ़, मेंहदवास, पालड़ा, हमीरपुर, अलियारी, तिलांजू, डूंगरीखुर्द, डूंगरीकलां और टोरडी सहित कई गांवों में कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। वीडियो, प्रोजेक्टर और संवाद के जरिए सरल भाषा में योजनाओं का प्रस्तुतीकरण किया। कृषि विभाग के सहायक निदेशक दिनेश बैरवा ने बताया कि पहले किसानों को आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की पर्याप्त जानकारी नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब ग्राम रथ अभियान के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें त्वरित लाभान्वित किया जा रहा है।