भास्कर न्यूज | मुंडियर राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति शाहाबाद की ओर से राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल मुंडियर में एक दिवसीय विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया। अध्यक्षता अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव दतात्रेय ने की। उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से सुरक्षा बेहद जरूरी हो गई है। मोबाइल जितना उपयोगी है, उसका दुरुपयोग उतना ही खतरनाक साबित हो सकता है। न्यायाधीश ने ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से मित्रता, डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल का उपयोग शिक्षा एवं ज्ञानवर्धन के लिए करने की सलाह दी। साथ ही अत्यधिक मोबाइल उपयोग से होने वाले मानसिक व शारीरिक दुष्प्रभावों के प्रति भी सचेत किया। उन्होंने कानून संबंधी सामान्य जानकारी देते हुए बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में पीड़ित व्यक्ति तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकता है। शिविर में तालुका सचिव हरिशंकर मीणा, पीएलवी ऋषि माली, अधिवक्ता डेविड भार्गव सहित अन्य उपस्थित रहे।