भास्कर न्यूज | टोंक जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार को निजी बस संचालकों, ऑपरेटरों व परिवहन अधिकारियों की संयुक्त कार्यशाला हुई। वहीं शुक्रवार को ताल कटोरा स्थित स्कूल के बाहर दुपहिया वाहन चालकों को हेमलेट लगाने को लेकर प्रेरित किया गया। इससे पहले गुरुवार को पुलिस लाइन अन्वेषण भवन में सम्पन्न कार्यशाला में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई। कार्यशाला में यातायात प्रभारी, सह-यातायात प्रभारी और जिला परिवहन अधिकारी ने बस संचालकों को सड़क परिवहन के सुरक्षित एवं सुगम संचालन, सड़क दुर्घटना रोकथाम, यात्रियों की सुरक्षा तथा यातायात नियमों की पालना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। सभी संचालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। यातायात नियम तोड़ने पर कटेगा चालान विशेष जागरूकता अभियान के तहत पिछले दो दिनों से वाहन चालकों को यातायात नियमों की पालना के लिए समझाइश की जा रही है। ताल कटोरा के पास निजी स्कूल के बाहर छुट्टी के समय बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मौके पर चालकों को रोककर जागरूक किया।