गवर्नमेंट औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) कुचामन सिटी में वर्ष 2026-27 के लिए ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 15 जुलाई से शुरू हो गई है। दसवीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी विभिन्न व्यवसायों में प्रशिक्षण के लिए 23 जुलाई 2026 तक ई-मित्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। संस्थान प्रशासन के अनुसार सीटों का पहला आवंटन 24 जुलाई 2026 को किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 30 जुलाई 2026 तक संबंधित आईटीआई में रिपोर्ट कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी होगी। आईटीआई उत्तीर्ण युवाओं को अग्निपथ योजना के तहत होने वाली भर्तियों में 50 अंकों तक का बोनस मिलता है। इसके अतिरिक्त सरकारी और निजी क्षेत्रों में भी आईटीआई प्रशिक्षित युवाओं के लिए रोजगार के अच्छे अवसर उपलब्ध हैं। संस्थान में वार्षिक प्रवेश शुल्क 2400 रुपए निर्धारित है। हालांकि, महिला अभ्यर्थियों को निःशुल्क प्रवेश की सुविधा प्रदान की जा रही है। राजकीय आईटीआई कुचामन सिटी में एनसीवीटी (NCVT) योजना के अंतर्गत इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, डीजल मैकेनिक, फिटर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग और कोपा (COPA) जैसे व्यवसायों में प्रवेश दिए जाएंगे। इसके अलावा राजकीय आईटीआई मौलासर में फिटर और राजकीय आईटीआई परबतसर में इलेक्ट्रिशियन व्यवसाय में एससीवीटी (SCVT) योजना के तहत प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाएगी। संस्थान प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर कौशल प्रशिक्षण का लाभ उठाने का आग्रह किया है।