पाली से अगले साल 4 से 12 जनवरी तक जैन समाज के 1100 श्रद्धालु स्पेशल ट्रेन से देश के प्रमुख धार्मिक तीर्थों की यात्रा पर जाएंगे। यात्रा के लिए सोमवार से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गया। पहले ही दिन करीब 600 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान श्रद्धालु सम्मेतशिखरजी, पावापुरी, राजगृही, कुंडलपुर, गुणायाजी, क्षत्रियकुंड, ऋजुबालिका और अयोध्या सहित प्रमुख जैन व ऐतिहासिक तीर्थों के दर्शन करेंगे। शंखनाद के साथ शुरू हुई यात्रा की तैयारियां श्री शांतिनाथ जैन सेवा संस्थान, लोढ़ा का बास (पाली) के तत्वावधान में आयोजित होने वाली इस स्पेशल रेल यात्रा का सोमवार को भगवान श्री शांतिनाथ प्रभु के चित्र के समक्ष विधिवत शंखनाद किया गया। इसके साथ ही यात्रा की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गईं। सुबह 10:31 बजे शुरू हुई बुकिंग, पहले दिन 600 रजिस्ट्रेशन यात्रा के संयुक्त संयोजक राज लूणीया के निर्देशन में सोमवार सुबह 10:31 बजे संस्थान परिसर में बुकिंग शुरू हुई। बुकिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पंजीयन कराने पहुंचे। पहले दिन करीब 600 लोगों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया। यात्रा तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन संस्थान के मंडल अध्यक्ष नवीन लूणीया और सचिव अमृत बलाई ने बताया - यात्रा की सफलता के लिए यात्रा पूरी होने तक लड़ी आयम्बिल आराधना आयोजित की जाएगी। इसके अलावा समय-समय पर आयम्बिल आराधना, सिद्धचक्र महापूजन, भक्ति संध्या, सांझी सहित कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें समाज की व्यापक भागीदारी रहेगी। इस यात्रा संघ के मुख्य संघपति का दायित्व सूरजकंवर, पत्नी पारसमल बोकाडिया परिवार (पाली) को मिला है। 2012 और 2016 में भी निकली थी स्पेशल ट्रेन इस आयोजन की तैयारियों में वीरेंद्र डागा, अक्षत लोढ़ा, विशाल लोढ़ा, मुकेश मोदी, राणेश वडेरा, जय कुमार जिंदाणी, विदित बलाई और आदित्य कटारिया सहित कई कार्यकर्ता सेवाएं दे रहे हैं। संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2012 और 2016 में भी सफल स्पेशल रेल यात्रा संघ निकाले गए थे। वहीं 2020 में सभी तैयारियां पूरी होने के बावजूद कोरोना महामारी के कारण यात्रा रद्द करनी पड़ी थी।