गुलाबी नगरी में फिल्म और संगीत से जुड़ी हस्तियों की आवाजाही जारी है। रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर अभिनेत्री अदिति पोहनकर, सिंगर जैस्मिन सैंडलास और युवा सिंगर अनुव जैन नजर आए। अदिति पोहनकर वेब सीरीज ‘आश्रम 4’ की शूटिंग पूरी करने के बाद मुंबई रवाना हुईं, वहीं जैस्मिन सैंडलास जयपुर में म्यूजिक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करने के बाद अपनी मां के साथ मुंबई के लिए रवाना हुईं। वहीं सिंगर अनुव जैन भी अपने कॉन्सर्ट के सिलसिले में जयपुर आए थे, कार्यक्रम के बाद वापस लौटे। इसी बीच अभिनेत्री और नृत्यांगना सुधा चंद्रन भी रविवार को एक इवेंट में शामिल होने के लिए जयपुर पहुंचीं। अदिति ने खम्मा-घणी बोलना सीखा वेब सीरीज ‘आश्रम’ में पम्मी का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अदिति पोहनकर ने जयपुर में शूटिंग के दौरान बिताए समय को यादगार बताया। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि जयपुर में उनका काफी अच्छा वक्त बीता। यहां उन्हें घूमने और शॉपिंग करने का भी खूब मौका मिला। अदिति ने ‘आश्रम’ की शूटिंग को अच्छा अनुभव बताते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट को लेकर वह काफी उत्साहित हैं। बातचीत के दौरान जयपुर की मेहमाननवाजी और यहां की संस्कृति का जिक्र भी हुआ। इसी दौरान अदिति ने राजस्थानी अभिवादन ‘खम्मा घणी’ बोलना सीखा। ‘आश्रम 4’ में फिर नजर आएंगी पम्मी अदिति पोहनकर प्रकाश झा के निर्देशन में बनी वेब सीरीज ‘आश्रम’ में पम्मी पहलवान के किरदार से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हुईं। इस सीरीज में बॉबी देओल बाबा निराला की मुख्य भूमिका में हैं। कहानी और इसके किरदारों ने पिछले सीजन में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। अदिति ने चौथे सीजन से जुड़ी अपनी उत्सुकता जाहिर करते हुए कहा कि इस बार दर्शकों को अलग तरह की कहानी और किरदार देखने को मिलेंगे। हालांकि, सीरीज की कहानी और उनके किरदार से जुड़े विस्तृत पहलुओं को लेकर उन्होंने कोई खुलासा नहीं किया। जैस्मिन सैंडलास बोलीं- जयपुर का प्यार हमेशा याद रहेगा जयपुर में म्यूजिक कॉन्सर्ट में अपनी आवाज और ऊर्जावान प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करने के बाद सिंगर जैस्मिन सैंडलास भी मुंबई रवाना हुईं। एयरपोर्ट पर जैस्मिन अपनी मां के साथ मौजूद थीं। जैस्मिन ने जयपुर में मिले रिस्पॉन्स पर खुशी जताते हुए कहा कि यहां से मिला प्यार उनके लिए यादगार है। उन्होंने कहा कि जयपुर में पहली बार परफॉर्म किया और यह देखकर अच्छा लगा कि यहां के लोग संगीत को इतना प्यार देते हैं। कॉन्सर्ट में दर्शकों की भागीदारी और उनके उत्साह ने प्रस्तुति को खास बना दिया। जैस्मिन सैंडलास अपने अलग अंदाज, दमदार आवाज और मंच पर ऊर्जावान परफॉर्मेंस के लिए जानी जाती हैं। जयपुर में उनकी प्रस्तुति के दौरान भी दर्शकों में उत्साह देखने को मिला। अनुव जैन ने कहा- जयपुर आना हमेशा खास युवा गायक अनुव जैन भी रविवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नजर आए। वे अपने म्यूजिक कॉन्सर्ट के सिलसिले में शहर आए थे। कार्यक्रम के बाद मुंबई रवाना होते समय उन्होंने जयपुर में मिले प्यार और अपने कॉन्सर्ट के अनुभव को यादगार बताया। अनुव ने कहा कि इस बार भी युवा श्रोताओं ने उन्हें खूब प्यार दिया। जयपुर आना हमेशा उनके लिए खास होता है। अपनी मधुर आवाज और युवाओं के बीच लोकप्रिय गीतों के लिए पहचाने जाने वाले अनुव जैन के कॉन्सर्ट में युवा दर्शकों की भागीदारी संगीत कार्यक्रमों के प्रति शहर में बढ़ते उत्साह को भी दर्शाती है। सुधा चंद्रन भी पहुंचीं जयपुर रविवार को अभिनेत्री और मशहूर नृत्यांगना सुधा चंद्रन भी एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए जयपुर पहुंचीं। टेलीविजन और फिल्मों में अपने अभिनय के साथ भरतनाट्यम नृत्य के लिए पहचान रखने वाली सुधा चंद्रन की मौजूदगी से शहर में मनोरंजन जगत की हस्तियों की आवाजाही और चर्चा में रही।