एयर इंडिया एक्सप्रेस की दिल्ली से भुवनेश्वर जा रही एक फ्लाइट को फ्यूल की कमी के कारण बीच रास्ते जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। यह घटना बुधवार सुबह 11:23 बजे की है। घटना के बाद तीन घंटे तक पैसेंजर्स परेशान रहे। बाद में फ्लाइट को दाेपहर 2:26 बजे भुवनेश्वर के लिए रवाना कर दिया गया। एयरलाइन ने इसे फ्यूल की कमी का मामला बताया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार विमान में तकनीकी खराबी की आशंका के चलते भी एहतियातन यह लैंडिंग कराई गई। भुवनेश्वर के लिए उड़ान भरने के बाद जयपुर में लैंडिंग दरअसल, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1057 दिल्ली से भुवनेश्वर के लिए रवाना हुई थी। उड़ान भरने के कुछ समय बाद पायलट ने विमान को जयपुर एयरपोर्ट पर उतारने का फैसला लिया। एयरलाइन की ओर से बताया गया कि विमान में फ्यूल की कमी के कारण जयपुर में लैंडिंग कराई गई है। हालांकि एयरपोर्ट सूत्रों ने कहा- केवल फ्यूल की कमी ही नहीं, बल्कि विमान में किसी तकनीकी खराबी की आशंका भी सामने आई थी। इसके चलते सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट को जयपुर डायवर्ट किया गया। ऐसे मामलों में पैसेंजर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पायलट और एयरलाइन ने यह फैसला किया। विमान में ही बैठे रहे पैसेंजर्स फ्लाइट के जयपुर एयरपोर्ट पर उतरने के बाद पैसेंजर्स को विमान के अंदर ही बैठाए रखा गया। इस दौरान तकनीकी जांच और आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की गई। अचानक हुई लैंडिंग के कारण पैसेंजर्स परेशान नजर आए, लेकिन एयरपोर्ट और एयरलाइन स्टाफ ने स्थिति को संभाला। बाद में सभी जरूरी जांच पूरी होने और स्थिति सामान्य होने के बाद विमान को करीब 3 घंटे बाद भुवनेश्वर के लिए रवाना किया गया।