जयपुर एयरपोर्ट पर अगले हफ्ते से विंटर शेड्यूल लागू होने जा रहा है। नए शेड्यूल में कई शहरों के लिए सीधी हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं होगी। जयपुर से जैसलमेर, वाराणसी और अयोध्या के लिए सीधी फ्लाइट नहीं मिलने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, अमृतसर, धर्मशाला और भुवनेश्वर की कनेक्टिविटी भी शेड्यूल से बाहर है। आगरा, बेलगावी समेत कई अन्य शहरों के लिए भी सीधी हवाई कनेक्टिविटी बंद होने से यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। वहीं बुधवार को जयपुर एयरपोर्ट पर NOTAM लागू होने के कारण पुणे से जयपुर आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-2458 को करीब 10 मिनट तक हवा में होल्ड पर रहना पड़ा। फ्लाइट को शाम 4:40 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड करना था, लेकिन विमान निर्धारित समय से पहले ही पहुंच गया। उस समय एयरपोर्ट पर NOTAM लागू होने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली। ऐसे में विमान को हवा में ही इंतजार करना पड़ा, विमान ने इस दौरान आसमान में करीब 3 से 4 चक्कर लगाए। करीब 10 मिनट बाद ATC से लैंडिंग की अनुमति मिलने पर विमान जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड कर सका। फ्यूल की कीमतें एयरलाइंस के लिए चुनौती हवाई सेवाओं में इस बदलाव के बीच एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की बढ़ती कीमतें भी एयरलाइंस के लिए चुनौती बनी हुई हैं। पिछले आठ महीने में ATF करीब 46% महंगा हो चुका है। फरवरी में जहां इसकी कीमत करीब 94 हजार रुपए प्रति किलोलीटर थी, वहीं अब यह बढ़कर करीब 1.37 लाख रुपए प्रति किलोलीटर तक पहुंच गई है। ईधन की कीमतों में बढ़ोतरी से विमान संचालन की लागत बढ़ गई है। इसका असर खास तौर पर उन रूट पर पड़ता है, जहां यात्रियों की संख्या कम रहती है। कम यात्री भार वाले रूट पर उड़ान संचालित करना एयरलाइंस के लिए महंगा साबित हो रहा है। स्पाईसजेट की एक भी घरेलू फ्लाइट नहीं ऐसे में इन रूट पर नियमित उड़ानें जारी रखना चुनौतीपूर्ण हो जाता है। इसका असर जयपुर से अलग - अलग शहरों के लिए उपलब्ध सीधी हवाई सेवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। वहीं जयपुर एयरपोर्ट से फिलहाल स्पाइसजेट की कोई घरेलू फ्लाइट संचालित नहीं हो रही है। ऐसे में यात्रियों के लिए हवाई यात्रा के विकल्प सीमित होने की स्थिति बन रही है। सुबह की फ्लाइट, जाएगी रात 2 बजे
जयपुर एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट में देरी से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। जयपुर से दुबई जाने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG-5157 का निर्धारित प्रस्थान समय सुबह 7 बजकर 55 मिनट है, लेकिन आज यह फ्लाइट करीब 18 घंटे की देरी से रात करीब 2 बजे दुबई के लिए रवाना होगी। सुबह रवाना होने वाली फ्लाइट के देर रात तक टलने से यात्रियों को लंबे इंतजार का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों के अनुसार, स्पाइसजेट की इस फ्लाइट में रोजाना तीन से चार घंटे तक की देरी होती है, लेकिन आज देरी का समय बढ़कर करीब 18 घंटे तक पहुंच गया। इसके चलते यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है। फ्लाइट देरी की सूचना यात्रियों को नहीं मिल रही सबसे बड़ी समस्या यह है कि कई यात्रियों को फ्लाइट में देरी की सूचना समय पर नहीं मिली। ऐसे में वे निर्धारित समय के अनुसार एयरपोर्ट पहुंच गए, लेकिन यहां आने के बाद उन्हें उड़ान के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। फ्लाइट के देर रात तक रवाना होने की संभावना के चलते यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना में बदलाव करना पड़ सकता है। एयरपोर्ट पहुंचे कई यात्री इंतजार के दौरान परेशान होते रहे, जबकि कुछ को एयरपोर्ट के बाहर समय बिताने के लिए मजबूर होना पड़ा।