जयपुर पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने वाली गैंग के तीन बदमाशों को अरेस्ट किया है। पकड़े गए तीनों बदमाशों ने SVS नाम से गैंग बनाई थी। गैंग बनाने वाला मास्टर माइंड हत्या कर फरारी काटने जयपुर आया था। जमीनी विवाद में उसने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग कर हत्या की थी। झोटवाड़ा थाना पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- एटीएम कार्ड बदलकर ठगी मामले में आरोपी सोनू वैष्णव, विरेन्द्र सिंह और सद्दाम को अरेस्ट किया गया है। उन्होंने अपने नाम के पहले वर्ड के अनुसार SVS नाम से गैंग बना रखी थी। 26 अप्रैल को झोटवाड़ा इलाके में स्थित एक एटीएम से रुपए निकालने बुजुर्ग से एटीएम कार्ड बदलकर गिरोह ने ठगी की थी। पुलिस ने CCTV फुटेजों के आधार पर रूट चार्ट तैयार कर तीनों बदमाशों को धर-दबोचा। इनामी बदमाश होने का चला पता पुलिस के सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी सोनू वैष्णव के खिलाफ एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज होने का पता चला। पूछताछ में आरोपी ने बताया- साल-2024 में उसने जमीनी विवाद में अपने साथियों के साथ फायरिंग कर हत्या कर दी थी। डीग के कुम्हेर थाने में हत्या के मामले में वह वांटेड है। डीग एसपी की ओर से 5 हजार रुपए का इनाम भी रखा है। पिछले दो साल से फरारी काटने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा है। जयपुर में फरारी के दौरान नए दोस्तों के साथ मिलकर SVS नाम से गैंग बनाकर एटीएम बदल ठगी करने लगा।