जयपुर में करतारपुरा नाले के पास बुधवार रात एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में शादी से लौट रहे एक दम्पति समेत मासूम घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही कार बाइक को टक्कर मारने के बाद उसे करीब एक किलोमीटर तक घसीटते हुए ले गई। टक्कर के कारण बाइक सवार नाले के पास लगी रेलिंग से जा टकराए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, हादसे में शामिल कार (RJ 60 CF 9084) ने बाइक (RJ 14 SJ 6679) को टक्कर मारी। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को तुरंत SMS अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुघर्टना थाना के हेड कॉन्स्टेडबल के कैलाश चन्द मीणा ने बताया कि हादसे के बाद कार चाल एक कार मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। घायल सुनील मीणा, उसकी पत्नी सीता मीणा निवासी रायसर अपने तीन वर्षीय बेटे के साथ जयपुर में शादी से लौट रहे थे। पीछे से आ रही कार ने अचानक टक्कर मार दी। पुलिस ने कार और बाइक को अपने कब्जे में ले लिया।