जयपुर-दिल्ली हाईवे पर मंगलवार दोपहर केमिकल से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दौरान ड्राइवर ने बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। दौलतपुरा थाना पुलिस ने एहतियात के तौर पर फायर बिग्रेड की चार गाड़ियों को मौके पर बुलाया। तीन क्रेन की मदद से करीब 3 घंटे की मशक्कत कर टैंकर को सीधा करवाकर रोड किनारे खड़ा करवाकर ट्रैफिक को चालू करवाया। SHO (दौलतपुरा) सुनील कुमार ने बताया- हादसा दोपहर करीब 1:45 बजे जयपुर-दिल्ली हाईवे पर अप्पू घर के पास हुआ। दिल्ली की ओर से कैथलीन केमिकल से भरा एक टैंकर जयपुर की ओर आ रहा था। इस दौरान अप्पू घर के पास ढलान पर अनियंत्रित होकर पलटी खा गया। टैंकर के पलटी खाते ही ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचाई। इससे ड्राइवर के मामूली चोट आई। एक्सीडेंट की सूचना पर दौलतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाईवे पर करीब 1 किलोमीटर दूरी का ट्रैफिक रोक सर्विस लाइन से डायवर्ट कर निकाला। एहतियात के तौर पर विश्वकर्मा फायर स्टेशन से 4 गाड़ियां मौके पर बुलाई। पुलिस ने तीन क्रेन की मदद से करीब 3 घंटे की मशक्कत कर टैंकर को सीधा करवाकर हाईवे किनारे खड़ा करवाया।