राजस्थान में काजू कतली, बर्फी जैसी मिठाइयों पर लगने वाले चांदी और सोने के वर्क एल्युमिनियम और तांबे से तैयार हो रहे हैं। दैनिक भास्कर डिजिटल ने मिठाई पर चांदी नहीं 'जहर':लैब टेस्ट में 99% वर्क नकली, चांदी में एल्युमिनियम और सोने में तांबा-जिंक; लिवर-किडनी खराब होने का खतरा हेडिंग से खबर छापकर इसका खुलासा किया था। भास्कर के खुलासे में बताया गया था कि चांदी के वर्क में 99% एल्युमिनियम-कैडमियम, सोने के वर्क में 88% तांबा और 11% जिंक मिलाया जा रहा है, जिसे खाने से कैंसर का खतरा हो सकता है। इसके बाद फूड सेफ्टी टीम ने चांदी के वर्क की पन्नियों का स्टॉक सीज किया है। यह पहली बार है जब मिठाइयों पर लगाए जाने वाले चांदी के वर्क की शुद्धता की जांच के लिए सैंपल लेकर लैब भिजवाए गए हैं। चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां की सीज जयपुर सीएमएचओ डॉ. रवि शेखावत के निर्देशन में टीम ने सीकर रोड स्थित कुकरखेड़ा मंडी में मोना एंड कंपनी पर छापा मारा। इस दौरान यहां से चांदी के वर्क की 30 हजार पन्नियां और 340 किलो काली मिर्च सीज की गई। टीम ने काली मिर्च, पिस्ता कटिंग और चांदी के वर्क के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। अभियान के तहत टीम ने विश्वकर्मा औद्योगिक (VKI) क्षेत्र स्थित मेट्रो कैश एंड कैरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर भी छापा मारा और काजू टुकड़ी, खरबूजे के बीज के सैंपल लिए। वहीं, रिलायंस मार्ट से गुलाब जामुन, मसूर पाक, बादाम और घी के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। 15 दिन की पड़ताल कर किया था खुलासा दैनिक भास्कर रिपोर्टर ने मिठाई व्यापारी बनकर नकली वर्क तैयार करने का खुलासा किया था। रिपोर्टर ने 15 दिन की पड़ताल में कई व्यापारियों से डील की। इस दौरान व्यापारियों ने खुद असली और नकली वर्क के सैंपल सामने लाकर रख दिए। रिपोर्टर ने चांदी-सोने के वर्क के 4 सैंपल खरीदे। चांदी के वर्क के सैंपल में 1% भी चांदी नहीं मिली चांदी और सोने के 2-2 सैंपल की जयपुर की अलग-अलग दो लैब से जांच करवाई। लैब की मशीनें इतनी एडवांस हैं कि सोना-चांदी जैसी 20 प्रकार की मेटल में मिलावट बता देती हैं। चांदी के दोनों ही सैंपल में 1% भी चांदी नहीं मिली। पहले सैंपल में 99% एल्युमिनियम-कैडमियम और 1% दूसरी मेटल। दूसरे में 14.82% चांदी और 85.17% आयरन। इसी तरह सोने के पहले सैंपल में 88.20 प्रतिशत तांबा और 12 प्रतिशत जिंक मिला। दूसरे में 1.41% गोल्ड, 87.60% कॉपर और 10.98% जिंक मिला।