जयपुर में कॉलेज स्टूडेंट को किडनैप कर फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग के 7 लाख रुपए की वसूली के लिए स्टूडेंट को 10 दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर पीटा। फिर स्कॉर्पियो में डाल कर हरियाणा ले गए। पीड़ित नील किशोर घेटिया(23) नासिक (महाराष्ट्र) का निवासी है और जयपुर से बीबीए की पढ़ाई कर रहा है। प्रताप नगर थाना पुलिस ने शनिवार तड़के भिवानी में दबिश देकर स्टूडेंट को मुक्त कराया और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपी नवीन नायक (24) और भागीरथ उर्फ मंगल (28) भिवानी (हरियाणा) के रहने वाले हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है। क्रिप्टो ट्रेडिंग के नाम पर दिया था पैसा डीसीपी (ईस्ट) रंजिता शर्मा ने बताया- तकनीकी इनपुट और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी नवीन नायक (24) और भागीरथ उर्फ मंगल (28) निवासी भिवानी हरियाणा को अरेस्ट किया है। वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो जब्त की है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित एक्स्ट्रा इनकम के लिए यूएसडीटी ट्रेडिंग करता है। टेलीग्राम एप के जरिए यूएसडीटी पैनल चलाने वाले रजत नाम के लड़के से उसकी जान-पहचान हुई। 5 अक्टूबर को रजत ने यूएसडीटी में पैसा लगाने की कहकर मिलने बुलाया। वहां नवीन ने यूएसडीटी खरीदने के लिए नील को 7 लाख रुपए दिए। नील ने यह रकम अपने परिचित एस.के नाम के व्यक्ति को दे दी। लेकिन किसी कारणवश यूएसडीटी ट्रांसफर नहीं हुए। ट्रांसफर नहीं होने पर दूसरे दिन आरोपी नवीन ने अपने दिए रुपए वापस लौटाने को कहा। 10 दिन फ्लैट में रखा, फिर हरियाणा ले जाकर मांगी फिरौती रुपए न मिलने पर आरोपियों ने नील को फ्लैट में बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। 10 दिन तक जयपुर में रखने के बाद 15 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे आरोपी उसे काली स्कॉर्पियो में डालकर भिवानी स्थित अपने गांव ले गए। वहां पहली मंजिल के कमरे में बंद कर मारपीट की और नील के पिता को वॉट्सऐप कॉल कर 7 लाख रुपए की फिरौती मांगी। रकम न देने पर बेटे को जान से मारने की धमकी दी।