अमेरिका-ईरान युद्ध के बाद से लगातार लिक्विड पेट्रोलियम गैस (LPG) की कीमतों में हो रही बढ़ोतरी पर आज विराम लग गया। पेट्रोलियम कंपनियों ने देर रात एलपीजी गैस की कीमतों का रिव्यू करने के बाद कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी की है। कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल सिलेंडर पर 183.50 रुपए की कमी की है। हालांकि घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर रखे हैं। राजस्थान एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष दीपक गहलोत ने बताया- कंपनियों ने कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम घटाए हैं, जिसकी नई रेट लिस्ट जारी की है। नई रेट लिस्ट के मुताबिक, राजस्थान में आज से 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 3141 रुपए के बजाए अब 2957 रुपए में मिलेगा। घरेलू उपयोग के सिलेंडर की कीमतों में कंपनियों ने कोई बढ़ोतरी नहीं की है। घरेलू सिलेंडर आज भी बाजार में 945.50 रुपए में ही मिलेगा। जानें इस साल कब-कब बढ़ीं कीमतें इस साल कॉमर्शियल सिलेंडर पर कंपनियों ने अब तक 6 बार से ज्यादा बार कीमतों में बढ़ोतरी की थी। जनवरी में कंपनियों ने 111 रुपए, फरवरी में 49.50, मार्च में 141.50 रुपए, अप्रैल में 195 रुपए, मई में 993 और जून में 42 रुपए प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी की थी।