कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि हम नरेंद्र मोदी के आगे सरेंडर नहीं करेंगे। नरेंद्र मोदी और अमित शाह ज्ञानेश कुमार को बचाने की जितनी भी कोशिश कर ले देश का नागरिक ऐसा नहीं होने देगा। वेणुगोपाल आज कांग्रेस की 'वोट बचाओ देश बचाओ' महारैली की तैयारियों को लेकर जयपुर पहुंचे थे। उन्होंने जयपुर के कांस्टीट्यूशन क्लब में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक ली। बैठक में केसी वेणुगोपाल ने राजस्थान के नेताओं को 1 लाख की भीड़ जुटाने का टारगेट दिया। बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए केसी वेणुगोपाल ने कहा कि दिल्ली में 1 नवंबर को होने वाली रैली में 10 लाख से ज्यादा लोग जुटेंगे। उन्होंने कहा यह रैली किसी व्यक्ति या पार्टी के लिए नहीं है। यह देश के आम नागरिक के वोट की रक्षा करने के लिए है। उन्होंने कहा हमारा विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक ज्ञानेश कुमार पद से नहीं हट जाते हैं और देश में फ्री एंड फेयर इलेक्शन नहीं होते हैं। यह देश के लोगों का मौलिक अधिकार है। बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कांग्रेस के अन्य नेता मौजूद रहे। रैली से व्यापारियों को फायदा हो गया फेस्टिवल सीजन के बीच होने जा रही कांग्रेस की रैली से होने वाली परेशानियों को लेकर व्यापारियों द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लिखे पत्र के सवाल को लेकर केसी वेणुगोपाल ने कहा- रैली से व्यापारियों को फायदा हो गया। ज्यादा लोग उधर आएंगे तो ज्यादा शॉपिंग करेंगे। वहीं राहुल गांधी के विदेश दौरों को लेकर बीजेपी के सवाल पर वेणुगोपाल ने कहा-भाजपा को पहले नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं के बारे में सोचना चाहिए, राहुल गांधी की विदेश यात्रा के बारे में नहीं।