जयपुर में मोबाइल चोरी के बाद डिजिटल पेमेंट ऐप के जरिए बैंक खाते से लाखों रुपए निकालने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल और धोखाधड़ी से निकाले गए 90 हजार रुपए बरामद किए गए हैं। मामला रामनगरिया थाना इलाके का है। डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया कि आरोपी संजय कुमार मीना (28) निवासी दौसा को पकड़ा गया है। आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों के कई मुकदमे मानपुर, बांदीकुई और जयपुर के खो नागोरियान थानों में दर्ज हैं। निर्माणाधीन मकान से मोबाइल चोरी कर भागा था डीसीपी ईस्ट ने बताया कि आरोपी ने 12 मार्च की रात जगदीश प्रसाद मीना के निर्माणाधीन मकान से मोबाइल चोरी किया था। इसके बाद आरोपी ने मोबाइल में फोन-पे ऐप डाउनलोड कर परिचितों के बैंक खातों में अलग-अलग ट्रांजेक्शन किए और पीड़ित के खाते से 7 लाख 38 हजार रुपए निकाल लिए। 21 मार्च को पीड़ित जगदीश प्रसाद ने बैंक अकाउंट चेक किया तब रुपए निकलने का पता चला। इसके बाद रामनगरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। ऑनलाइन गेमिंग में खर्च किए रुपए विशेष टीम ने मुखबिर की सूचना पर 31 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने हिस्से के पैसों में से कुछ रकम ऑनलाइन गेमिंग और शौक पूरे करने में खर्च कर दी। फिलहाल उसके कब्जे से 90 हजार रुपए कैश और चोरी का मोबाइल बरामद किया जा चुका है।