जयपुर पुलिस ने साल 2026 में खो चुके और चोरी हुए 790 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ रुपए बताई जा रही है। जयपुर ईस्ट पुलिस ने मोबाइल फोन की रिकवरी के लिए चलाए गए अभियान ‘ऑपरेशन री-कॉल’ के तहत ये कार्रवाई की। डीसीपी ईस्ट रंजीता शर्मा ने बताया- केवल अप्रैल महीने में ही विशेष अभियान चलाकर अलग-अलग राज्यों से 400 मोबाइल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए हैं। इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सुपुर्द किया गया, जिससे पीड़ितों के चेहरों पर खुशी लौट आई। शुरूआती दौर में जांच में सामने आया कि कुछ मोबाइल चोरी के थे, जबकि कुछ मोबाइल ऐसे थे जो गिर गए या कहीं छुट गए थे। डीसीपी ईस्ट ने बताया कि कई फोन में सेटिंग होती है कि फोन शटडाउन करने के लिए पासवर्ड डाला जाए। यदि यूजर ऐसा करता है तो चोरी जैसे मामलों में ऐसे मोबाइल मिलने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर ठगी के 65.48 लाख रुपए रिफंड करवाए उन्होंने बताया- साइबर अपराधों के खिलाफ भी जयपुर पुलिस ने कार्रवाई की है। साइबर सेल ने अप्रैल तक करीब 3.85 करोड़ रुपए की ठगी राशि होल्ड करवाई है, जिसमें से करीब 65.48 लाख रुपए पीड़ितों के खातों में वापस रिफंड कराए गए हैं। वहीं, ‘ऑपरेशन म्यूल हंटर’ के तहत फर्जी बैंक खातों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बजाज नगर और प्रताप नगर थानों में दो मामले दर्ज किए गए। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा 17 कार्रवाई भी की गईं। भारत सरकार के पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाएं पुलिस ने आमजन से अपील की है कि गुम या चोरी हुए मोबाइल की जानकारी भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर दर्ज करें। साइबर ठगी की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही किसी भी लालच में आकर अपने बैंक खाते की जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई है।