जयपुर डिस्कॉम में तबादला सूची जारी होने की चर्चाओं के बीच कथित ट्रांसफर लिस्ट सोशल मीडिया पर आई। 105 तकनीकी कर्मचारियों की इस ट्रांसफर लिस्ट पर 10 जुलाई 2026 की तारीख और मुख्य कार्मिक अधिकारी (सीपीओ) एच.बी. भाटिया के हस्ताक्षर हैं। सोशल मीडिया पर यह लिस्ट शुक्रवार को आई तो कर्मचारियों ने इसे असली मान लिया। यह सूची कर्मचारियों के व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फैल गई। हालांकि जांच में सामने आया कि यह लिस्ट नई नहीं, बल्कि 15 जनवरी 2025 की है। जयपुर डिस्कॉम की ओर से जारी इस पुरानी लिस्ट को किसी ने एडिट कर शेयर कर दिया। पुराने आदेश में तारीख बदलकर उसे 10 जुलाई 2026 कर दिया और नई तबादला सूची बताया। सीपीओ ने कहा- कोई नई सूची जारी नहीं हुई मामले की जानकारी मिलने पर जयपुर डिस्कॉम के मुख्य कार्मिक अधिकारी एच.बी. भाटिया ने बताया- विभाग ने 10 जुलाई 2026 को किसी भी प्रकार की तबादला सूची जारी नहीं की है। उन्होंने वायरल दस्तावेज को पूरी तरह फर्जी बताया। वहीं कर्मचारियों से केवल विभाग के आधिकारिक आदेशों पर भरोसा करने की अपील की। 105 कर्मचारियों के नाम होने से कर्मचारी हुए भ्रमित वायरल सूची में 105 तकनीकी कर्मचारियों के नाम, वर्तमान पदस्थापन और नए पदस्थापन का पूरा विवरण दिया गया है। यही कारण रहा कि कई कर्मचारियों ने इसे वास्तविक आदेश मान लिया। कई कर्मचारी अपने तबादले की पुष्टि के लिए अधिकारियों और सहकर्मियों से संपर्क करते रहे। इससे पूरे दिन डिस्कॉम में इसी सूची की चर्चा होती रही। पुराने आदेश में तारीख बदली जांच में सामने आया कि वायरल सूची का प्रारूप, कर्मचारियों के नाम, तबादले का विवरण और अन्य सभी जानकारियां जनवरी 2025 में जारी मूल आदेश से मेल खाती हैं। केवल आदेश की तारीख बदलकर उसे नया आदेश दिखाने की कोशिश की गई, ताकि कर्मचारियों को भ्रमित किया जा सके। डिस्कॉम में लंबे समय से तबादला सूची जारी होने की चर्चाएं चल रही हैं। कर्मचारियों को नई सूची का इंतजार है। इसी माहौल का फायदा उठाते हुए किसी ने पुरानी सूची को एडिट कर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। आधिकारिक आदेश पर ही करें भरोसा डिस्कॉम अधिकारियों ने कर्मचारियों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर शेयर किसी आदेश पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक पुष्टि करें। विभाग की ओर से जारी आदेश ही मान्य होंगे। फर्जी दस्तावेजों पर विश्वास करने से बचें।