जयपुर ईस्ट के प्रताप नगर थाना पुलिस ने लूट मामले में फरार 10 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी से लोडेड देसी कट्टा, एक कारतूस और सफेद रंग की हुंडई ऑरा कार बरामद की गई। प्रताप नगर थाना क्षेत्र में 14 फरवरी को एक सुनार के साथ लूट की वारदात हुई थी। इसके बाद थानाधिकारी पूरण मल यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटना स्थल और पूरे रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके आधार पर लूट में शामिल कई बदमाशों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था, लेकिन आरोपी राज सीकरवार (22) फरार चल रहा था। डीसीपी ने आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। दिल्ली से इंदौर और फिर जयपुर तक पीछा डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी दिल्ली में किसी परिचित के पास टैक्सी चला रहा है, जहां उसका पिता भी साथ था। प्रताप नगर थाना टीम ने दिल्ली में दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां नहीं मिला। इसके बाद मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि आरोपी और उसका पिता पांच दिन पहले दिल्ली छोड़ चुके हैं। मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने आरोपी के पिता को इंदौर (मध्यप्रदेश) से डिटेन किया। पिता से मिली जानकारी और मोबाइल लोकेशन के आधार पर राज सीकरवार को जयपुर में ट्रेस किया गया। लगातार पीछा करते हुए पुलिस ने उसे प्रताप नगर थाना क्षेत्र से डिटेन कर लिया। पकड़े जाने के दौरान भागने की कोशिश पुलिस ने जब मौके पर आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और एक कारतूस मिला, जिसे जब्त कर लिया गया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर दोबारा फरार होने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम की मुस्तैदी से कुछ ही दूरी पर उसे दबोच लिया गया। भागते समय गिरने से उसके पैर में चोट आई। इसके बाद उसे आरयूएचएस अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया गया। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से RJ14 TG 2927 नंबर की सफेद हुंडई ऑरा कार भी जब्त की गई। पुलिस का मानना है कि इसी कार का इस्तेमाल लूट की वारदात की रेकी और मूवमेंट में किया गया। हार्डकोर और आदतन अपराधी है राज पुलिस के अनुसार राज सीकरवार सक्रिय, आदतन और हार्डकोर अपराधी है। उसके खिलाफ लूट, वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, चोरी, पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ प्रताप नगर, रामनगरिया और शिवदासपुरा थानों में कई केस दर्ज हैं। गैंग कनेक्शन भी आया सामने जांच में सामने आया कि आरोपी मलारना डूंगर में पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाले हंसराज उर्फ हंसू उर्फ टेम्पू और रोहित धोबी गैंग का बदमाश है। पुलिस के अनुसार- हंसराज आरोपी की टैक्सी कार ऑरा से लूट वाली जगह की रेकी करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राज सीकरवार (22) पुत्र गजेंद्र सिकरवार मूल निवासी कुटियानी भेड़ थाना चिनौनी जिला मुरैना (मध्यप्रदेश) हाल घरौंदा सेक्टर-29 प्रताप नगर जयपुर के रूप में हुई है। कार्रवाई में कॉन्स्टेबल दशरथ, शंकर लाल और गणेश की विशेष भूमिका रही।